बुरा तो ‘भ्रष्टाचार’शब्द है, इसे करने वाला नहीं!

उदय केसरी  
 लाभ के लिए अनैतिक कार्य या कहें भ्रष्टाचार अब शायद जायज हो चुका है। समाज में भ्रष्टाचार करने को और भ्रष्टाचारियों को बुरा नहीं माना जाता, बशर्ते इस कृत्‍य को सीधे भ्रष्टाचार और करने वाले को भ्रष्टाचारी नहीं कहा जाए। जानते हैं, ऐसे लोगों में इतनी शर्म भी क्यों बाकी है, कि उन्हें भ्रष्टाचार या भ्रष्टाचारी कहने/कहलाने में बुरा लगता है? क्योंकि समाज में अब भी एक तपका है या कहें, गरीब, अशिक्षित, भोले-भाले लोग बचे हैं, जो ईमानदारी से परिश्रम करके अपने परिवार के लिए भरण-पोषण करते हैं। जो संस्कार और नैतिकता को अब भी सबसे उपर रखते हैं। बेशक, ईमान की खाने वाले लोगों में पढ़े-लिखे और नौकरीशुदा तथा राजनीतिक लोग भी हैं, लेकिन वे अल्पसंख्यक हैं, मगर उनकी इस बदले सामाजिक परिवेश में एक नहीं चलती। उन्हें अपने दफ्तर और अपनी पार्टी में एक कोना पकड़ कर नौकरी बचानी पड़ती है।

भारत के इस बदले सामाजिक परिवेश में भ्रष्टाचार का एक तरह से समाजिकरण हो चुका है। सरकारी नौकरी में नौजवान यह सोचकर भी जाने लगे हैं कि वहां उपरी कमाई की असीमित संभावनाएं हैं और साथ ही कामचोरी की पूरी गारंटी भी। इसी तरह, नेतागिरी में पावरफुल पद पाने की होड़ लगी है। एक बार मौका मिला कि फिर कैसे कोई गली का गुंडा मंत्री बन जाता है, यह आप कभी समझ नहीं पायेंगे। आप सोच रहे होंगे ये क्यों भ्रष्टाचार पर वही पुराना उपदेश दे रहा है, जिसे सुनते-सुनते लोगों के कान पक चुके हैं। इसमें क्या नई बात है? गांधी बाबा अब धरती पर नहीं रहे, वह तो नोटों में विराजमान हो चुके हैं, इसलिए लोगों की श्रद्धा अब नोट वाले गांधी बाबा में हो चुकी है।...पता नहीं गांधी बाबा की आत्मा ऐसे लोगों की श्रद्धा को कैसे स्वीकार करती होगी?

अब आप दिल्ली में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2010, मुंबई के आदर्श सोसाइटी अपार्टमेंट और 2जी स्पेक्ट्रम लाइसेंस से जुड़े भ्रष्टाचारियों को क्या कहेंगे? ये तो पढ़े-लिखे, फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाले, तथाकथित सभ्रांत वर्ग के लोग हैं। इन लोगों के नाम तो न्यूज चैनल वालों ने आपको रटवा ही दिये ही होंगे। इसलिए आप उनके स्टैंडर्ड का अंदाजा आसानी से लगा सकते हैं। लेकिन आश्‍चर्य यह है कि इन लोगों को न्यूज चैनल वालों से काफी गुस्सा है, जिन्होंने कोर्ट में अपराध साबित होने से पहले इनके नाम सार्वजनिक कर दिये। यह भी कि इन लोगों का दावा है कि घोटाले में वे शामिल ही नहीं हैं। मसलन, सुरेश कलमाडी, अशोक चव्हाण, ए. राजा, जिनके हाथों से राजनीतिक मजबूरियों के कारण सत्ता छीन ली गई है, लेकिन सजा के तौर पर नहीं ‘नैतिकता’ के आधार पर।

इस ‘नैतिकता’का मतलब क्या है? मेरे विचार में इसका मतलब होता है जनता की आंखों में धूल झोंकना। ताकि जब तक जनता अपनी आंखों को साफ कर फिर से देखने लायक बना ले, तब तक उसी नेता की वही ‘नैतिकता’किसी दूसरे पद पर बैठने के लिए ‘योग्यता’बन जाए। अब चाहें दूसरा पद पार्टी संगठन की ऊंची कुर्सी ही क्यों न हो। भ्रष्टाचार करने के लिए वहां तो खुली छूट होती है और फिर संसद या विधानसभा की कुर्सी तो है ही न....’नोट के लिए वोट’ का मौका तो अगले चुनाव तक कोई थोड़े छीन सकता है। इसी तरह, रसूखदार बड़े नौकरशाहों को भ्रष्टाचार का खुलासा या कोई गबन होने पर ‘कार्रवाई’ के नाम पर पहले तो ‘तबादला’कर दिया जाता है और यदि जनता उससे भी न मानी तो उसे ‘निलंबित’किया जाता है। सवाल फिर उठता है कि इस ‘तबादले’और ‘निलंबन’का मतलब क्या है? आप अपने दिमाग पर जोर डालकर याद करें कि हाल के वर्षों में आपने कभी ऐसी खबर पढ़ी है कि किसी आईएएस और आईपीएस या राज्य स्तरीय सिविल अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मामले में नौकरी से निकाल कर जेल में डाल दिया गया। यदि होगा तो अपवाद स्वरूप ही। मसलन, रूचिका हत्याकांड में देख लें, 17 साल से अधिक वक्त बीत जाने के बाद भी उस पुलिस अधिकारी राठौर को जेल में नहीं डाला जा सका। बावजूद इसके कि यह मामला एक बच्ची के साथ छेड़छाड़ और उसके परिणामस्वरूप उस बच्ची की मौत का है। यही नहीं, मीडिया में इस मामले को लगातार उठाया जाता रहा है। और भी कई आईएएस और आईपीएस अधिकारी हैं, जो अपने पद की शक्ति का दुरूपयोग करने, रिश्‍वत लेने, आमदमी से अधिक दौलत जमा करने के मामले में आरोपी हैं, पर समय गुजरता जाता है और उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। बल्कि वे तो बाद में राजनीतिक दल में शामिल हो जाते हैं, जहां उनकी बड़ी पूछ होती है।

अब आप खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि शीर्ष नेता व अधिकारी स्तर पर भ्रष्टाचार का आलम यह है, तो नीचले स्तर पर यानी कार्यकर्ता और कर्मचारी स्तर पर भ्रष्टाचार का रूप कैसा होगा। छोटे-बड़े हर काम के लिए ‘रिश्‍वत’लेना उस काम के लिए ‘फीस’लेने जैसा मान्य हो चुका है। और इससे छोटा हो या बड़ा, कोई भी सरकारी विभाग अछूता नहीं है।

शायद आपमें से कई के मन में अंततः यह सवाल उठे कि आखिर चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला कैसे बढ़ गया है?...उनके लिए मेरा जवाब है- क्योंकि हम केवल ‘भ्रष्टाचार’ शब्द को बुरा मानते हैं, भ्रष्टाचार करने वालों को नहीं।...यदि मानते तो...हमारे समाज और देश का यह हाल नहीं होता।

नफरत की आग में जलता देश

उदय केसरी  
एक तरफ, कश्‍मीर घाटी में आग लगी है। अलगावादी दल हुर्रियत और सत्‍तासीन नेशनल कांफ्रेंस अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। घाटी के युवा भी पत्‍थरबाजी में रोज नये रिकार्ड बना रहे हैं। दशा ऐसी है कि केंद्र सरकार उहापोश की स्थिति में दिख रही है। दूसरी तरफ, अयोध्‍या में आग लगने की जबर्दस्‍त आशंका है। मंदिर-मस्जिद विवाद पर हाईकोर्ट का फैसला आने की तारीख 24 सितंबर तय है। आग की आशंका ऐसी की उत्‍तर प्रदेश सरकार केंद्र से इतनी बड़ी संख्‍या में सुरक्षा बलों की मांग कर रही है कि उसे पूरा करने में केंद्र असमर्थ है, क्‍योंकि दिल्‍ली में हाल में कॉमनवेल्‍थ गेम शुरू होने वाला है। इन दो राष्‍ट्रीय महासमस्‍याओं के बीच देश में त्‍योहारों का मौसम शुरू हो गया है।

अब आम भारतीय को समझ लेना चाहिए कि भारत में अमन चाहिए तो न तो नेता, न ही पुलिस और न ही सैन्‍य बल कुछ सकते हैं। ये सब कहीं न कहीं कठपुतली हो चुके हैं और इनमें से किसी की डोर सत्‍ता के स्‍वार्थी तत्‍वों के हाथों में, तो किसी की डोर धन के लालची लोगों के हाथों में है। यही नहीं हम-आप को भी ऐसे स्‍वार्थी तत्‍व कभी धर्म, तो कभी जाति और कभी क्षेत्र के नाम पर अपने इशारों पर नचाते रहते हैं और हम इनको समझे बगैर अपने ही लोगों के खिलाफ पत्‍थर उठा लेते हैं।

हम-आप को ऐसी बातें बहुत देर में समझ में आती हैं, जबकि आंखों के सामने स्‍वार्थी तत्‍व अपने खेल-खेलते रहते हैं। मसलन, बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपराधी सहाबुद्दीन के दरवाजे पर दस्‍तक देता है गठजोड़ करने के लिए। 17 सालों बाद अयोध्‍या विवाद पर समाधान की दिशा में अदालत का फैसला आने की घड़ी आते ही भाजपा और उसके सहयोगी संगठन विवाद को विवाद बनाये रखने की तैयारी में आग उगलना शुरू कर चुके हैं। उधर बाबरी मस्जिद एक्‍शन कमेटी भी फैसला के पक्ष में नहीं आने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने का मन बना चुकी है। यानी राम और अल्‍ला के नाम विवाद का कोई हल निकलना असंभव ही लगता है। हां, एक चीज तय है और वह है-एक बार फिर राम और अल्‍ला नाम की बदनामी। इनके नाम पर खून-खराबा, दहशतगर्दी, तोड़फोड़। ऐसे जख्‍म सह-सहकर धर्मस्‍थली अयोध्‍या का आजतक सही विकास नहीं हो सका है। कह सकते हैं अयोध्‍या की भी हालत कश्‍मीर घाटी की तरह ही है। जहां रहने वाले आम आदमी के दर्द को कोई समझना नहीं चाहता, बस सब अपनी राजनीति उनपर थोपकर उन्‍हें गुमराह करते रहते हैं।

कश्‍मीर घाटी में तैनात सैन्‍य बलों के विशेषाधिकार को वापस लेने की मांग वहां के युवा मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला ने की है। जिसपर केंद्र सरकार आम राय बनाने की कोशिश में कैबिनेट की बैठक कर कोई राय नहीं बन सकी है अब इसके लिए सर्वद‍लीय बैठक की जाएगी। लेकिन कश्‍मीर समस्‍या का क्‍या यही हल है? सैन्‍य बलों के विशेषाधिकार वापस ले लिये जाने के बाद क्‍या उमर अब्‍दुल्‍ला इस बात की गारंटी लेंगे कि घाटी में आतंकवादियों की सक्रियता नहीं बढ़ेगी।...नहीं बिल्‍कुल नहीं। इसी तरह, अयोध्‍या में राममंदिर बनाने के लिए केंद्र सरकार यदि कानून बना दे तो क्‍या अयोध्‍या समेत पूरे देश में कोई दंगा-फसाद नहीं होगा, इसकी गारंटी भाजपा या विश्‍व हिन्‍दू परिषद लेगी? नहीं, बिल्‍कुल नहीं। तो फिर आप और हम खुद ही विचार करके देखें कि ऐसी मांगों के पीछे कितनी बड़ी स्‍वार्थ की राजनीति छिपी है।

सावधान ! धर्म के नाम पर किसी बहकावे में न आएं

उदय केसरी  
अयोध्‍या का मुद्दा फिर से हवा में तैरने लगा है। इसे हवा देने के लिए स्‍वार्थी पार्टी और संगठन तैयार हैं। इन पार्टियों और संगठनों को न राम की मर्यादा से मतलब है और न अल्‍ला की शांतिप्रियता से बस इन्‍हें सत्‍ता की कुर्सी से मतलब है, जो आपके वोटों से उन्‍हें प्राप्‍त होती है। इसलिए वे आपको आपके वोट के लिए एक बार फिर से राम या इस्‍लाम के नाम पर गुमराह करने की रणनीति बनाने में लगे हैं। ऐसे में आपको सर्तक और जागरूक रहने की बेहद जरूरत है। आपको यह ध्‍यान रखने की जरूरत है कि ईश्‍वर एक है और उसका कण-कण वास में है, धर्म, जाति और पंथ सब इंसानों के बनाये रास्‍ते हैं ईश्‍वर तक पहुंचने के लिए और समाज के सुप्रबंधन के लिए। आस्‍था नितांत निजी मामला है इसपर अपने दिल व दिमाम के सिवाय किसी अन्‍य पर विश्‍वास नहीं करना चाहिए। इसलिए रामजन्‍मभूमि मंदिर बनाम बाबरी मस्जिद विवाद पर अपनी कोई राय बनाने से पहले इन तथ्‍यों को जान लें।-
विवाद के बारे में
• 1528 में विवादित राम जन्म भूमि पर मस्जिद बनाया गया था। कुछ हिन्दुओं का कहना था कि यहां भगवान राम का जन्म हुआ था।
• हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच इस जमीन को लेकर पहली बार 1853 में विवाद हुआ।
• 1859 में अंग्रेजों ने विवाद को ध्यान में रखते हुए पूजा व नमाज के लिए मुसलमानों को अन्दर का हिस्सा और हिन्दुओं को बाहर का हिस्सा उपयोग में लाने को कहा।
• 1949 में अन्दर के हिस्से में भगवान राम की मूर्ति रखी गई। तनाव को बढ़ता देख सरकार ने इसके गेट में ताला लगा दिया।
• सन् 1986 में जिला न्यायाधीश ने विवादित स्थल को हिंदुओं की पूजा के लिए खोलने का आदेश दिया। मुस्लिम समुदाय ने इसके विरोध में बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी गठित की।
• सन् 1989 में विश्व हिन्दू परिषद ने विवादित स्थल से सटी जमीन पर राम मंदिर की मुहिम शुरू की।
• 6 दिसम्बर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराई गई।
परिणामस्वरूप देशव्यापी दंगों में करीब दो हजार लोगों की जानें गईं।
इस जांच के लिए इस घटना के दस दिन बाद 16 दिसम्बर 1992 को लिब्रहान आयोग गठित किया गया।
• लिब्रहान आयोग को 16 मार्च 1993 को यानि तीन महीने में रिपोर्ट देने को कहा गया था, लेकिन आयोग ने रिपोर्ट देने में 17 साल लगाए।
• पिछले 17 सालों में इस रिपोर्ट पर लगभग 8 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।
• आयोग से जुड़े एक सीनियर वकील अनुपम गुप्ता के अनुसार 700 पन्नों के इस रिपोर्ट में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व भाजपा नेता कल्याण सिंह के नाम का उल्लेख 400 पन्नों में है, जबकि लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी की चर्चा 200 पन्नों पर की गई है।
रामजन्‍मभूमि अयोध्‍या के बारे में
• रामजन्मभूमि अयोध्या उत्तर प्रदेश में सरयू नदी के दाएं तट पर बसा है। प्राचीन काल में इसे कौशल देश कहा जाता था।
• अयोध्या मूल रूप से मंदिरों का शहर है। यहां आज भी हिन्दू, बौद्ध, इस्लाम और जैन धर्म से जुड़े अवशेष देखे जा सकते हैं। जैन मत के अनुसार यहां आदिनाथ सहित पांच र्तीथकरों का जन्म हुआ था।
• हिन्दुओं के मंदिरों के अलावा अयोध्या जैन मंदिरों के लिए भी खासा लोकप्रिय है। जैन धर्म के अनेक अनुयायी नियमित रूप से अयोध्या आते रहते हैं।
• अयोध्या में जहां जिस र्तीथकर का जन्म हुआ था, वहीं उस र्तीथकर का मंदिर बना हुआ है। इन मंदिरों को फैजाबाद के नवाब के खजांची केसरी सिंह ने बनवाया था।
• भारतवर्ष में कई राज्य थे जो अक्सर आपस में लड़ते रहते थे जिसका लाभ उठाकर बाबर ने भारत पर आक्रमण किया था और अपने विजयोल्लास के उपलक्ष्य में बाबरी मस्जिद बनवाया था।
• बाबरी मस्जिद मन्दिर तोड़कर बनी अथवा बिना तोड़े बनी, कोई ठोस प्रमाण नहीं है। कुछ विज्ञानी बाबरी मस्जिद के नीचे स्तूप का रहना बताते हैं जो बौद्ध धर्म का प्रतीक है।
• बौद्ध धर्मी अपना दावा नहीं ठोक पाये मगर हिन्दू धर्मी अपना दावा ठोक दिया कि बाबरी मस्जिद में ही राम ने जन्म लिया था।
• विवाद का आधार रामायण अथवा रामचरितमानस हुआ क्योंकि वाल्मीकि एवं तुलसीदास ने कथा के माध्यम से यह बतला दिया कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम का जन्म अयोध्या में हुआ था मगर इन कवियों ने एक निश्चय स्थान नहीं बता पाये थे मगर यही अनुमान स्वरूप राम की जन्मस्थली बाबरी मस्जिद के बीच निकल आयी।
हिन्‍दू धर्म के बारे में
• हिन्दू एक फ़ारसी शब्द है। जब अरब से मुस्लिम हमलावर भारत में आए, तो उन्होने भारत के मूल धर्मावलम्बियों को हिन्दू कहना शुरू कर दिया।
• आर्यों की वैदिक सभ्‍यता से इस आधुनिक हिन्दू धर्म का जन्म लगभग १७०० ईसा पूर्व हुआ।
• हिन्‍दू धर्म के मूल तत्‍व हैं-ईश्वर एक नाम अनेक, ब्रह्म या परम तत्त्व सर्वव्यापी है, ईश्वर से डरें नहीं, प्रेम करें और प्रेरणा लें, हिन्दुत्व का लक्ष्य स्वर्ग-नरक से ऊपर, हिन्दुओं में कोई एक पैगम्बर नहीं है, बल्कि अनेकों पैगंबर हैं, धर्म की रक्षा के लिए ईश्वर बार-बार पैदा होते हैं, परोपकार पुण्य है दूसरों के कष्ट देना पाप है, जीवमात्र की सेवा ही परमात्मा की सेवा है, स्त्री आदरणीय है, सती का अर्थ पति के प्रति सत्यनिष्ठा है, हिन्दुत्व का वास हिन्दू के मन, संस्कार और परम्पराओं में, पर्यावरण की रक्षा को उच्च प्राथमिकता, हिन्दू दृष्टि समतावादी एवं समन्वयवादी, आत्मा अजर-अमर है, सबसे बड़ा मंत्र गायत्री मंत्र, हिन्दुओं के पर्व और त्योहार खुशियों से जुड़े हैं, हिन्दुत्व का लक्ष्य पुरुषार्थ है और मध्य मार्ग को सर्वोत्तम माना गया है, हिन्दुत्व एकत्व का दर्शन है।
• माना जाता है कि राम का जन्म प्राचीन भारत में हुआ था। उनके जन्म के समय का अनुमान सही से नही लगाया जा सका है, परन्तु विशेषज्ञों का मानना है कि राम ( भगवान विष्णु जी के अवतार माने जाते है )का जन्म तकरीबन आज से ९,००० वर्ष (७३२३ ईसा पूर्व) हुआ था।
इस्‍लाम धर्म के बारे में
• इस्लाम शब्द अरबी भाषा का शब्द है जिसका मूल शब्द सल्लमा है जिस की दो परिभाषाएं हैं (१) शान्ति (२) आत्मसमर्पण।
• इस्लाम एकेश्वरवाद को मानता है। इसके अनुयायियों का प्रमुख विश्वास है कि ईश्वर केवल एक है और पूरी सृष्टि में केवल वह ही महिमा (इबादत) के योग्य है।
• इस्लाम का उदय सातवीं सदी में अरब प्रायद्वीप में हुआ।
विवाद में शामिल राजनीतिक पार्टियां और संगठन
कुछ व्यक्ति, पार्टी व संगठन भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाना चाहते हैं और कुछ इसे धर्म निरपेक्ष राष्ट्र रखना चाहते हैं, पर कोई भी सत्‍ता की कुर्सी और निजी हितों से समझौता करके देशहित में और मानवता के हित में इस विवाद का हल नहीं निकालना चाहते, बस आग लगाकर अपनी रोटी सेंकना चाहते हैं।
• कांग्रेस
• बाबरी मस्जिद एक्‍शन कमेटी
• विश्‍व हिन्‍दू परिषद
• राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ
• भारतीय जनता पार्टी
• बजरंग दल
विवाद सुलझाने की कोशिश
• 1859 में अंग्रेजों ने विवाद को ध्यान में रखते हुए पूजा व नमाज के लिए मुसलमानों को अन्दर का हिस्सा और हिन्दुओं को बाहर का हिस्सा उपयोग में लाने को कहा।
• 1990 में देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने बाबरी मस्जिद एक्‍शन कमेटी और विश्‍व हिन्‍दू परिषद को आमने सामने बिठाकर भैरो सिंह शेखावत और शरद पवार निगरानी में बातचीत से हल निकालने की प्रक्रिया शुरू की। कई दौर की बातचीत के बाद यह तय हुआ कि दोनों पक्ष अपने-अपने कागज और सबूत पेश करें। इसके बाद बाबरी मस्जिद एक्‍शन कमेटी ने तो अपने दस्‍तावेज पेश किये लेकिन विश्‍व हिन्‍दू परिषद ने दस्‍तावेज नहीं पेश किये। इस तरह यह बातचीत विफल रहा।
• अब यह मामला कोर्ट में है, जिसका फैसला इसी माह आने वाला है।
विवाद का दुष्‍प्ररिणाम
• बाबरी मस्जिद तोड़े दिये जाने के बाद यह विवाद काफी संवेदनशील हो गया। इसके कारण देश के कई शहरों और क्षेत्रों में हिन्दू-मुस्लिम दंगे होने लगे। इसी लपेट में ईसाई धर्म एवं हिन्दू धर्म में कटुता बढ़ी। कई चर्चों को नष्ट कर डाला गया यह झगड़ा बढ़ते-बढ़ते आतंक में बदल गया है।
• 6 दिसम्बर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराई गई।
परिणामस्वरूप देशव्यापी दंगों में करीब दो हजार लोगों की जानें गईं।
ध्‍यान रहे
उपर्युक्‍त सभी तथ्‍यों को जानने के बाद आप विचार करें कि क्‍या हमारा धर्म, हमारी आस्‍था, हमारा ईश्‍वर महज एक मंदिर या मस्जिद का मोहताज है? क्‍या हमारे ईश्‍वर अपने मंदिर या मस्जिद के लिए हजारों लोगों की मौत को सही करार देंगे? नहीं न, तो इसके नाम पर लोगों को भड़काने वाले और अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले राजनीतिक दल या संगठनों या कमेटी के लोगों को मुंहतोड़ जवाब देकर अपने असल धर्म का पूरी निष्‍ठा से निर्वाह करें।

मीडिया के दांत दिखाने के कुछ, खाने के कुछ

उदय केसरी  
परिवर्तन संसार का नियम है। सत्‍य वचन है, पर कैसा परिवर्तन? अच्‍छा या बुरा? हममें से ज्‍यादातर लोगों में परिवर्तन को लेकर सैद्धांतिक सोच प्राय: एक जैसी होती है। यानी अच्‍छे परिवर्तन की। लेकिन क्‍या हममें से सभी व्‍यावहारिक सोच भी ऐसी ही होती है? नहीं न। यही तो दुनिया है और व्‍यावहारिक सोच की विविधता या कहें जटिलता, जो इस दुनिया के कमोबेश सभी क्षेत्रों में पाई जाती है। एक पुरानी कहावत है-हा‍थी के दांत दिखाने के कुछ, खाने के कुछ। दुनिया में परिवर्तन का मतलब भी कुछ ऐसा ही है। दिखाने के दांत सिद्धांत हैं तो खाने के दांत व्‍यावहारिकता है। दुनिया के लगभग तमाम क्षेत्रों में ऐसे परिवर्तन को सैद्धांतिक रूप में विकास कहा जाता है, भलें ही वह व्‍यावहारिक रूप में विनाश के बराबर हो, मगर इसे कहा नहीं जाता।...तो फिर इतना बड़ा मीडिया का क्षेत्र इस परिवर्तन से कैसे अछूता रह सकता है। बावजूद इसके कि यही मीडिया क्षेत्र दुनिया के अन्‍य सभी क्षेत्रों को सिद्धांतों के पाठ पढ़ाने का कारोबार करता है।

ध्‍यान रहे, यहां हम जिस मीडिया क्षेत्र की बात कर रहे हैं, उसमें दूर-संचार और मनोरंजन मीडिया को परे रखा गया है और इसमें केवल समाचार व विचार मीडिया में परिवर्तन की बातें शामिल हैं।...तो सवाल है कि इस मीडिया क्षेत्र में हो रहे नित-नये परिवर्तन कैसे हैं-अच्‍छे या बुरे? सैद्धांतिक रूप में आप और हम कह सकते हैं कि आजादी के बाद से लगातार मीडिया काफी सशक्‍त हो रहा है-धन के मामले में और संसाधन के मामले में भी। सबकुछ सुपरफास्‍ट हो चुका है। बासी तो जैसे कुछ रहा ही नहीं है। और अब तो न्‍यूज चैनल ही नहीं, अखबार भी ‘लाइव’ खबर देने लगे हैं! लेकिन हम किस सिद्धांत के आधार पर इस परिवर्तन को अच्‍छा बता रहे हैं? मीडिया ज्ञान देने वाली किताबों में तो किसी सिद्धांत को सर्वमान्‍यता हासिल ही नहीं है। किताबों में समाचार संकलन, लेखन, संपादन और प्रकाशन के सिद्धांत कमोबेश नये-नये रास्‍ते ही दिखाते हैं।...तो फिर सैद्धांतिक रूप में जिस परिवर्तन को ऊपर हम रेखांकित कर रहे हैं, वह क्‍या है? सच कहें तो यह हा‍थी के दिखाने के दांत हैं।

तो क्‍या इस परिवर्तन के पीछे की व्‍यावहारिकता या सच कुछ और है? जाहिर है, जब मीडिया किसी एक सर्वमान्‍य सिद्धांत पर चलता ही नहीं है, तो इस क्षेत्र के तमाम महा‍र‍थियों के सिद्धांत और व्‍यावहारिकता भी अलग-अलग होंगे। और यह भी जरूरी नहीं कि उनके सिद्धांतों और व्‍यावहारिकता में समानता हो। मसलन, इंडिया टीवी जैसे न्‍यूज चैनल के प्रमुख रजत शर्मा का एक टॉक-शो का नाम है ‘आप की अदालत’। सैद्धांतिक रूप में इस शो का पूरा स्‍वरूप अदालत जैसा है। इसमें कटघरा, मुजरिम, वकील, जज व तथा‍कथित जनता सब होते हैं और सवालों की फेहरिस्‍त के साथ स्‍वयं रजत शर्मा भी वकील के रूप में होते हैं। लेकिन इस दिखावटी अदालत की कार्यवाही या कहें व्‍यावहारिकता वास्‍तविक अदालत की कार्यवाही से पूर्णत: अलग होती है। यह तो फिल्‍मी अदालती कार्यवाही से भी मेल नहीं खाती। यहां मुजरिम की पैरवी करने वाला कोई वकील नहीं होता, तब भी सारे मुजरिम बाइज्‍जत बरी हो जाते हैं, क्‍योंकि इस अदालत में आने वाले सभी मुजरिम पैसे देकर बुलाये गए सेलिब्रिटी होते हैं।...इंडिया टीवी के सिद्धांत और व्‍यावहारिकता के बारे में यह तो सबसे सभ्‍य उदाहरण था। बाकी आप खुद ही देख सकते हैं। इसके बावजूद टीआरपी के मामले में यह अन्‍य अग्रणी न्‍यूज चैनलों से कम नहीं है। अब इसका मतलब यह नहीं कि अन्‍य न्‍यूज चैनलों के सिद्धांत और व्‍यावहारिकता में अंतर नहीं है। आजकल तो अन्‍य अग्रणी न्‍यूज चैनलों पर भी दुनिया के महाविनाश की घड़ी बड़ी तेजी से घुमाई जा रही है। बिना यह सोचे कि भारत की आधी से अधिक अनपढ़ जनता पर इसका क्‍या प्रभाव पड़ेगा।

सिद्धांत और व्‍यावहारिकता में फर्क रखने वाले मीडिया हाउसों में राष्‍ट्रीय व क्षेत्रीय न्‍यूज चैनल ही नहीं, अखबार भी शामिल हैं। मध्‍यप्रदेश की करीब पांच साल पुरानी एक घटना यहां उल्‍लेखनीय है- 2005 के अक्‍टूबर माह की 20 ता‍रीख को टीआरपी बढ़ाने के चक्कर में देश भर के टीवी चैनलों ने अपने सारे कार्यक्रमों को दरकिनार कर चौसर के पासे फेंक कर लोगों का भविष्य बताने वाले मध्‍यप्रदेश के एक गांव सेहरा के 85 वर्षीय निवासी कुंजीलाल की आने वाली मौत का पलक-पांवडे बिछा कर 24 घंटे लाइव टेलीकास्ट किया। यही नहीं एक-दो दिन पहले से अखबारों ने भी मौत का काउंटडाउन छापना शुरू कर दिया था। लेकिन उसकी मौत नहीं हुई। वह कुंजीलाल अपनी ही मौत के लाइव टेलीकास्ट की घटना से आज भी इतना दुखी है कि मीडिया वालों से बात तक करना पसंद नहीं करता। इस घटना का उल्‍लेख यहां बहुचर्चित फिल्‍म ‘पीपली लाइव’ के कारण भी किया गया, ताकि आपको फिल्‍म की कहानी की सच्‍चाई का भी पता चले, अन्‍यथा इसकी जगह हाल की एक घटना- ‘राहुल ने डिंपी को मारा’ का पूरे दिन टेलीकास्‍ट किया जाना भी मीडिया के दो तरह के दांतों को स्‍पष्‍ट करने के लिए पर्याप्‍त है।
दरअसल, मीडिया क्षेत्र में परिवर्तन के बारे में हमारी और आपकी सोच की गलती है। हम अब भी मीडिया को आजादी और भारत में वैश्विक उदारवाद की नीति लागू होने के पहले वाली सोच और सिद्धांत के आधार पर देखते हैं, जब पत्रकार की छवि ईमानदार और समाज के पहरेदार की थी और उसकी भेष-भूसा बढ़ी दाड़ी, खद्दर का कुर्ता और झोले वाली होती थी। अब तो यह इतिहास हो चुका है और अतीत के गर्त में दफन हो चुकी है वह पत्रकारिता, जिसकी आग माखनलाल चतुर्वेदी, गणेश शंकर विद्यार्थी, धर्मवीर भारती जैसों के दिलों में जला करती थी। अब तो परिवर्तन का मतलब महज कारोबारी फायदा है। जैसे पत्रकारिता शब्‍द का स्‍थान अब एक छोटे शब्‍द मीडिया ने ले‍ लिया है, वैसे ही मीडिया के रूप में पत्रकारिता का ईमान भी छोटा हो गया है। इस मीडिया क्षेत्र में ‘सच’ के नाम पर अधूरे सच या कहें मतलबी सच का करोबार होता है। ‘इम्‍पैक्‍ट’ के नाम पर अपना कारोबारी प्रभाव दिखाया जाता है। इससे समाज पर पड़ने वाले इम्‍पैक्‍ट का ज्‍यादा ख्‍याल नहीं रखा जाता। आज के मीडिया हाउस तो अपने यहां काम करने वाले मीडियाकर्मियों और कर्मचारियों का तो ख्‍याल ही नहीं रख पाते तो वे क्‍या समाज और देश का ख्‍याल करेंगे। यह बताने की जरूरत नहीं की जितनी जातपात, भेदभाव, बटरबाजी, जैकवाद, शोषण अन्‍य क्षेत्रों में होता है, उसमें भी मीडिया क्षेत्र पीछे नहीं है।

अब ऐसे हालात में परिवर्तन के सिद्धांत और व्‍यावहारिकता का अंतर कब खत्‍म होगा...यह तो ईश्‍वर ही बता सकते हैं।

महंगाई के लिए विपक्ष भी जिम्‍मेदार

उदय केसरी  
बड़े दुख के साथ कहना पड़ता है कि हम उस भारत के वासी है जहां की संस्‍कृति व परंपरा तो गौरवशाली है, पर राजनीति बड़ा दुखदाई है। महंगाई की मार से आम जनता त्राहिमाम है, पर देश की सरकार आंखें बंद कर रखी है। प्रधानमंत्री अर्थशास्‍त्री माने जाते हैं, पर वे इस नियमित महंगाई का अर्थ नहीं समझ पा रहे हैं। कृषि एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री शरद पवार तो आंखें खोलना ही नहीं चाहते हैं। ज्‍यादा जगाने पर वह कह देते हैं-‘मेरे पास कोई जादू की छड़ी नहीं है’ तो कभी कहते हैं-‘मैं कोई ज्‍योतिषी नहीं हूं कि महंगाई कब थमेगी, यह बता दूं’ यानी इनके होने, न होने का कोई मतलब नहीं रह गया है। तो कौन हैं जनता के त्राहिमाम को सुनने व देखने वाला। क्‍या विपक्षी पार्टियां? काश, इस अंधी सरकार में विपक्ष की आंखों पर स्‍वार्थ और राजनीतिक लाभ का चश्‍मा नहीं लगा होता। तो महंगाई पर भाजपा का भारत बंद और महंगाई के विरोध में करोड़ों हस्‍ताक्षर वाले पत्रों को लेकर राष्‍ट्रपति की शरण में जाना शायद सार्थक होता।
इस महंगाई से गरीब व श्रमजीवी ही नहीं औसत अमीर भी परेशान हैं। गृह‍स्‍थी का बजट चिंताजनक स्‍तर तक बिगड़ चुका है। ऐसे में, परेशान जनता की आवाज उठाने और उन्‍हें महंगाई से राहत दिलाने के लिए हरसंभव कोशिश करने की जरूरत है, न कि केवल रा‍जनीति करने की। यदि महंगाई के खिलाफ भाजपा समेत अन्‍य बड़े विपक्षी पार्टियों का विरोध असल है तो वे इसके विरोध और इससे राहत देने की शुरूआत अपने घर, अपने प्रदेशों, जहां उनकी सरकारें हैं, वहां से क्‍यों नहीं करतीं। य‍दि केंद्र सरकार अंधी हो गई है तो क्‍या केवल केंद्र से जुबानी जंग करने से जनता को राहत मिल जाएगी। कम से कम जिन चीजों पर राज्‍य सरकारों का नियंत्रण है, उसमें तो महंगाई रोक सकती है। लेकिन ऐसी कोशिश विपक्षी दलों की सरकारों ने अपने राज्‍यों में नहीं की है। बल्कि वह तो पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद भी उस पर वैट दरों को भी बढ़ा रहे हैं। राज्‍यों में सड़ते अनाजों की परवाह नहीं है। राज्‍य से कृषि विकास पर घोटाले की ही बस खबरें आती हैं, विकास की नहीं। कालाबाजारियों, जमाखोरों को पार्टी कार्यकर्ता बना दिया गया है।...तो क्‍या महंगाई के इन कारकों की सफाई पहले अपने घर में ही नहीं करनी चाहिए? केवल जुबानी-बदजुबानी राजनीति या विरोध-प्रदर्शन करने से क्‍या कभी महंगाई जाएगी?
लेकिन इस सवाल पर हमारे देश की विपक्षी पार्टियां कभी सोचती ही नहीं, क्‍योंकि इसपर सोचना, वे अपने पैर पर खुद कुल्‍हाड़ी मारने के बराबर समझती हैं। अरे, भई जनता तो जनता होती है, वही केंद्र सरकार के लिए वोट देती है और वही राज्‍य सरकार के लिए भी।...और कौन सदा राज्‍य पर शासन करते रहना चाहता है, सभी दल तो केंद्र की सत्‍ता पर कब्‍जा जमाना चाहते हैं, ऐसे में यदि राज्‍य की जनता को राहत दे दिये तो उन्‍हें केंद्र के खिलाफ वोट डालने के लिए कैसे तैयार कर पायेंगे।...इसलिए केंद्र सरकार के नाम पर महंगाई और बढ़ा दो और जुबानी जंग भी ताकि जनता महंगाई की मार से मरने लगे। तभी तो केंद्र सरकार को गिराने का मौका मिलेगा।...ऐसी सोच के साथ अपने देश की विपक्षी पार्टियां राजनीति करने लगी हैं। यानी जनता की फिक्र न सरकार को है और न ही सरकार की नीतियों का हर दिन विरोध करने वाले विपक्ष को। सबको बस सत्‍ता की कुर्सी की चिंता है। पिछले दिनों एक खबर आई कि शिवसैनिकों ने पुणे में महंगाई का विरोध करने के दौरान एक दूध के टैंकर में भरे हजारों लीटर दूध पानी की तरह रोड पर बहा दिये। क्‍या ऐसे विरोध से महंगाई कम होगी या फिर और बढ़ेगी...यानी जनता की आवाज बनने का ढोंग करने वाली विपक्षी पार्टियों को जनता की परेशानी बढ़ाने में ही अपना राजनीतिक फायदा अधिक दिखता है।
तो फिर, देश की जनता महंगाई के जिम्‍मेदार केंद्र की सरकार और भ्रष्‍ट विपक्षी पार्टियों के बीच खुद को कैसे बचा पायेगी? यह सवाल अहम है। इस पर भारत की हमें निजी स्‍वार्थों से उपर उठकर सोचने की जरूरत है। जरूरत है महंगाई और महंगाई के पोषक सत्‍ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ के भ्रष्‍ट राजनीतिकों, अफसरों व दलालों को गैर राजनीतिक जनांदोलन के जरिये मार भगाने की।