...लो फिर विस्‍फोट हो गया

उदय केसरी
...यदि दो-चार दिनों तक कोई और विस्फोट नहीं हुआ, तो 13 सितंबर को दिल्ली के करोलबाग, गफ्फार मार्केट, कनाट पैलेस व बाराखंभा रोड क्षेत्र में हुए बम विस्फोट और उससे हुई ताबाही को भी हम भूलने लगेंगे और भूलते-भूलते अचानक से फिर एक दिन किसी शहर में श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट की खबर सुनकर सहम जाएंगे।...
ये पंक्तियां 15 सितंबर को सीधीबात पर 'कायरों से डरकर हम भी हो गए कायर' शीर्षक अंतर्गत पोस्ट किये गए आलेख का अंश है। इस पोस्ट के दो दिन पहले (13 सितंबर) ही दिल्ली में श्रृंखलाबद्ध बम विस्‍फोट में 22 बेगुनाहों की जान गई और 100 लोग घायल हो गए थे...और अब फिर महज 13 दिनों बाद (27 सितंबर को ) दिल्ली के महारौली में एक और बम विस्‍फोट हो गया, जिसमें एक लड़के की मौत और दर्जनों घायल हो गए।...
वाकई में, छुपकर वार करने वाले चंद कायर आतंकियों की कायरता एक अरब से भी अधिक आबादी वाले भारत पर भारी पड़ रही है।...और हम कमजोर। सुरक्षा इंतजामात और इसके आकाओं का रवैया भी आम आदमी जैसा है, जो बड़े से बडे़ जख्म पर जरा-सा मरहम लगने भर से खुश हो जाता है। पांच आतंकियों को क्या पकड़ लिया...खुश हो गए...जैसे आतंक के पांव ही उखाड़ लिये...और चद्दर तान के सोने चल दिये...प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह करार की क्रेडिट लेने अमेरिका चल दिये, तो गृहमंत्री ने एक कैबिनेट मीटिंग करके सारी जिम्मेदारियां पूरी कर ली।...दिल्लीवासी समेत पूरे देश की जनता के लिए 13 सितंबर की तारीख बस 'जीके' के सवाल का उत्तर बन गई....वाह रे! बहादुर भारत और यहां की महासहनशील जनता।...रेल मंत्री लालू प्रसाद ठीक कहते हैं, देश का खुफिया तंत्र फेल हो चुका है। पर, क्या केवल देश की खुफिया व्यवस्था ही फेल हुई है, महज सत्ता की राजनीति के वास्ते आतंकियों और राष्ट्रीय हितों में फर्क नहीं कर पाने वाले राजनेताओं के बारे में क्या कहा जाए, जिनमें से कई सिमी पर प्रतिबंध हटाने की पैरवी में भी देश हित देखते हैं।...और जब विस्‍फोट में इसी सिमी के कायर पकड़े जाते हैं तो भी उनकी आंखें नहीं खुलती।...बल्कि ये जवाब में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की पैरवी करते हैं। बीजेपी केवल नैतिकता के आधार पर कभी प्रधानमंत्री, तो कभी गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग करती है।...यदि बजरंग दल की सिमी से तुलना की जा रही है, तो इसके जवाब में बीजेपी क्यों नहीं अपने बजरंगियों की मदद से सिमी के आतंकियों को सबक सिखाने की कोशिश करती है। इसमें तो उससे ज्यादा राजनीतिक फायदा मिलता।...जितना किसी दंगे में उपद्रव मचाने के बाद, चर्चों पर हमले करने के बाद।...पर इतनी कुव्वत कहां, निहत्थों और निर्दोषों पर सितम ढाकर धर्म की रक्षा और हिन्दुत्व की स्थापना करने वाले नैतिक व व्यक्तिगत तौर पर काफी कमजोर और कायर होते हैं।
ऐसे में, कौन करेगा इन छुपे कायर आतंकियों से मुकाबला, उनका सफाया? भ्रष्ट राजनेताओं, नाकाम खुफिया एजेंसियों और अच्छी-बुरी समस्याओं से घिरे पुलिस प्रशासन के बीच आम आदमी की हिफाजत कौन करेगा? देश के युवाओं पर भी भरोसा कम हो चला है। देश की रक्षा, सुरक्षा व दुश्‍मनों से लड़ने वाली नौकरियों में जाने के प्रति युवाओं में रूझान पहले जैसा नहीं रहा है। सैन्य बलों में सालों से अफसरों की कमी है...युवाओं को आकर्षित करने के लिए सेना मार्केटिंग के फंडे इस्तेमाल करने पर मजबूर हो रही है...प्रख्यात क्रिकेटर कपिलदेव को ले. कर्नल का मानद पद देकर।...तो फिर क्या हमें यह मान लेना चाहिए कि हमारा, इस हिन्दुस्तान का भगवान ही मालिक है?

क्या आप अरुंधती राय को जानते हैं?

उदय केसरी
क्या आप अरुंधती राय को जानते हैं? आपमें से कई लोग कम से कम इतना जरूर जानते होंगे कि वह भारत की प्रसिद्ध लेखिका व समाजसेविका हैं। पर क्या आप यह जानते हैं कि उन्हें खुद को भारतीय कहने में शर्म आती है। हैरानी हो रही है न, पर यह सच है। यही नहीं, वह भारतविरोधी मुहिम भी चला रखी है, जिसमें उनका साथ दे रहे हैं कई एनआरआई भारतीय। मुहिम रूपी इस राष्ट्रविरोधी दुष्साहस का मकसद है, भारत से कश्‍मीर को आजाद कराना। सोमवार (15 तारीख) को जब पूरा देश राजधानी दिल्‍ली में आतंकी बम विस्फोट की घटना से चिंतित था, तब श्रीनगर में आयोजित कश्‍मीरियों की एक रैली में अरुंधती राय बोल रही थी,‘'कश्‍मीर को भारत और भारत को कश्‍मीर से आजादी चाहिए। लोग कश्‍मीरियों की बात नहीं सुनना चाहते हैं।'
अपने देश की सहनशक्ति वाकई में असीम है कि एक तरफ, अपने ही देश के मतीभ्रष्ट नौजवानों का संगठन सिमी आईएसआई के इशारे पर देश में आतंकी वारदात को अंजाम दे रहा है और इंडियन मुजाहीद्दीन के नाम उसकी जिम्मेदारी भी ले रहा है। दूसरी तरफ, अल्पसंख्यक वोट बैंक बचाने लिए अपने ही देश के राजनेता सिमी के रहनुमा बने फिर रहे हैं। पुलिस की खुफिया शाखा और एसटीएफ के सूत्रों की मानें तो ऐसे आतंकियों को पनाह देने वालों में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात व उत्तर प्रदेश के कई राजनेता और उद्योगपति शामिल हैं। राजनेताओं में कांग्रेस, भाजपा के अलावा कई क्षेत्रीय दलों के बड़े-छोटे पदाधिकारी भी शामिल हैं।
वाह! धन्य हैं भारतमाता और उसकी सहनशीलता, जिसकी कोख से पैदा लेकर, खून-पसीने से हासिल आजाद भारत में पल-बढ़कर कुछ लोग उसी मां की अस्मिता व अस्तित्व के खिलाफ वातावरण में जहर घोल रहे हैं। जिस अरुंधती राय व राजनेताओं पर भारत की जनता ने विश्‍वास किया और उन्‍हें देश और समाज के सेवक का दर्जा व सम्मान दिया, वे भारत की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ या कहें भारत के सिरमौर कश्‍मीर को देश के नक्‍शे से मिटाने की खुलेआम पैरवी करने लगे हैं। एहसानफरामौशी का आलम यह है कि अरुंधती राय की अगुवाई में अमेरिका और यूरोप के तथाकथित मानवाधिकार कार्यकर्ताओं की ब्रिगेड तैयार की गई है, जिसमें अधिकतर एनआरआई भारतीय शामिल हैं। इस ब्रिगेड ने कश्‍मीर के अलगाववादियों की कट्टरवादी दलीलों का समर्थन करते हुए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग में भारत विरोधी एक याचिका दायर की है। याचिका में संयुक्त राष्ट्र को जम्मू-कश्‍मीर में मानवता पर संकट से निपटने के लिए हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई गई है। याचिका में कश्‍मीर में पिछले माह मुसलमानों पर हुए हमलों पर चिंता व्यक्त की गई, जबकि 1989-90 में चार लाख से अधिक कश्‍मीरी पंडितों को घर-बार छोड़कर कश्‍मीर से भागने पर विवश करने की घटना का जिक्र तक नहीं किया गया है। शायद, अरुंधती राय ब्रिगेड के मानवाधिकार के दायरे में कश्‍मीरी पंडितों के बेघर होने का दर्द नहीं आता। खैर, याचिका में यह भी कहा गया है कि जम्मू क्षेत्र में मुस्लिम धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को तबाह किया जा रहा है। और यह भी कि 1989 से कश्‍मीर में सशस्त्र स्वतंत्रता आंदोलन चल रहे हैं, जिन्हें कुचलने के लिए भारत की कार्रवाइयों से मानवाधिकार हनन की गंभीर घटनाएं हो रही हैं।
कैसी विडंबना है, इतना गंभीर आरोप लगाने वाले तथाकथित मानवाधिकार कार्यकर्ता इसी भूमि की पैदाईश हैं। क्या कभी आपने सहज भाव से भारत के नक्‍शे की कल्पना कश्‍मीर को अलग करके की है? क्या हमारे ही पूर्वजों ने इस देश की संप्रभुता और आजादी की खातिर अनगिनत कुर्बानियां दी थीं और गुलाम भारत को अपने खून से सींच कर अहलेचमन बनाया था? कल तक तो पाकिस्तान के भेजे आतंकी हमारे देश की संप्रभुता पर हमला कर रहे थे, अब तो अपने ही घर के लोग और वह भी जाने-माने लोग, स्वार्थ में इस कदर वशीभूत हो चुके हैं कि अपनी ही मां से गद्दारी करते उनकी रूह तक नहीं कांप रही हैं...

आतंक का यह चेहरा आईएसआई का है....

आतंकवाद से पीड़ित भारत के दर्द की वजह केवल दहशतगर्द आतंकी ही नहीं हैं, सफेदपोशों का एक ऐसा वर्ग भी है, जिनमें कुछ तो खुद को सेकुलर कहते हैं, तो कुछ वादों की बातें करते हैं, उस पर कभी अमल नहीं। ऐसे सफेदपोश उस कानून का विरोध करते हैं, जिनसे आतंकियों को सजा मिल सकती है।...और फिर भी यदि कोई आतंकी पकड़ा जाता है, तो ऐसे सफेदपोशों को उनके बचाव में खड़े होने में शर्म तक नहीं आती। विश्‍वास नहीं होता, तो गौरतलब है कि अहमदाबाद बम धमाकों के मामले में जब अबू बशीर को पकड़ा गया, तो उसके घर मातमपुर्सी के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के ऐसे सफेदपोशों की होड़ लग गई थी। और संभवतः ऐसे ही सेकुलरवादियों के दबाव में आतंकवाद निरोधी कानून पोटा को निरस्त कर दिया गया। नतीजतन, देश में 2005 से अब तक 17 बड़ी आतंकी घटनाओं में 500 सौ के करीब बेगुनाहों की मौत हो चुकी है। पर हैरानी की बात यह कि अब तक किसी आतंकी को सजा नहीं दी जा सकी। और तो और, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बावजूद राष्ट्रीय संप्रभुता के सबसे बड़े मंदिर संसद पर हमले के साजिशकर्ता अफजल गुरू को अब तक फांसी नहीं दी गई। इसके ठीक उलट अमेरिका की नाक पेंटागन बिल्डिंग पर आतंकी हमले का बदला अमेरिका ने कैसे लिया, यह सारी दुनिया जानती है...यही नहीं, उस हमले के सात साल गुजरने के बाद भी बदला लेने का सिलसिला जारी है। अमेरिकी फौज अफगानिस्तान और पाक के कबायली इलाकों में खोज-खोजकर आतंकियों को मार रहे है। इसके साथ ही अमेरिका में 9/11 की घटना के बाद सुरक्षा के ऐसे कड़े इंतजाम किये गए कि अब तक दूसरी किसी घटना को अंजाम देने का साहस आतंकी नहीं जुटा पाए हैं। वहीं भारत में आतंकवादियों की ऐसी पैठ की स्थिति में तथाकथित सेकुलरवादियों द्वारा यह सवाल उठाया जा रहा है कि इंडियन मुजाहिद्दीन के पीछे कहीं हिन्दू आतंकी तो नहीं? नवभारत टाइम्स में प्रकाशित एक रपट में श्री अरूण दीक्षित ने इसका जवाब देने की भरसक कोशिश की है;
दरअसल, भारत के 5 प्रमुख शहरों में हुए बम विस्फोटों के पीछे जिस 'इंडियन मुजाहिदीन' का नाम आ रहा है, वह तो सिर्फ मुखौटा है, इस खेल के असली खिलाड़ी तो और ही हैं। ये खुद को पीछे रखकर सिमी और इंडियन मुजाहिदीन के कंधे पर बंदूक रखकर काम कर रहे हैं। उनकी कमान पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई के हाथ में है। विश्वस्त सूत्रों की मानें तो भारत में आतंक फैलाने की योजना बहुत व्यापक और सुनियोजित है। अभी इसका पहला चरण ही पूरा हुआ है। दो चरण और बाकी हैं। प्रमुख शहरों से शुरू हुआ दहशत का खूनी खेल छोटे शहरों तक जाएगा। इन शहरों की सूची भी तैयार है। सूत्रों के मुताबिक भारत में इस समय जो आतंकी गतिविधियां चल रही हैं उनका ब्लू प्रिंट सवा 3 साल पहले नेपाल में बनाया गया था। तभी 'इंडियन मुजाहिदीन' को जन्म दिया गया था। ताकि भारत में भारतीय नाम से आतंक फैलाकर दुनिया को यह बताया जा सके कि यह उसकी आंतरिक समस्या है। उल्लेखनीय है कि भारत में हो रही आतंकी घटनाओं के पीछे पाक समर्थित आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद व अन्य की भूमिका सामने आने के बाद भारत सरकार ने दुनिया के प्रमुख देशों खासतौर पर अमेरिका से यह अनुरोध किया था कि वह इन संगठनों को अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों की सूची में शामिल करे और पाकिस्तान पर दबाव बनाए कि वह आतंकियों की मदद न करे। यह बात करीब 4 साल पुरानी है। सूत्रों के मुताबिक भारत के बढ़ते दबाव को देखते हुए आईएसआई ने एक नई रणनीति बनाई। इसके तहत 13 जुलाई 2005 को नेपाल में काठमांडू के पास एक कस्बे में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जैश और लश्कर के दो-दो प्रतिनिधियों के अलावा सिमी और दाऊद इब्राहिम का एक प्रतिनिधि भी शामिल हुआ। दाऊद का प्रतिनिधि काठमांडू का ही रहने वाला था। वह वहां होटल चलाता है। साथ ही उसका हैंडीक्राफ्ट का भी कारोबार है। सिमी का प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला एक शख्स था। इस बैठक के लिए आईएसआई ने 2 लेफ्टिनेंट जनरलों को खासतौर पर पाकिस्तान से नेपाल भेजा था। नेपाल स्थित पाक दूतावास में फर्स्ट सेक्रेटरी ताहिर शाह ने बैठक की व्यवस्था की थी। वह खुद भी बैठक में मौजूद रहा था। इस बैठक में ही यह तय किया गया था कि चूंकि लश्कर और जैश के कारण पाक पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बन रहा है, इसलिए एक ऐसा संगठन खड़ा किया जाए जिसका नाम भारतीय हो और भारत के ही लोग उसे चला रहे हों। उसी की आड़ में सारी गतिविधियां चलाई जाएं। उसके लिए हर तरह का बंदोबस्त लश्कर व जैश करेंगे और आईएसआई संरक्षण देते हुए उस पर नजर रखेगी। उसी बैठक में सिमी का पहला और आखिरी अक्षर काटकर 'इंडियन मुजाहिदीन' (आईएम) नाम दिया गया था। सूत्रों का यह भी कहना है कि इस बैठक की रिपोर्ट काठमांडू में तैनात भारतीय एजेंसी 'रॉ' के एक जूनियर अफसर ने तभी अपने अफसरों को सौंपी थी, लेकिन उसे रद्दी की टोकरी में डाल दिया गया था। हैदराबाद, मुंबई, जयपुर, बेंगलुरु, अहमदाबाद और दिल्ली में हुए बम विस्फोटों में लगातार इंडियन मुजाहिदीन और सिमी का नाम आने के बाद भारतीय खुफिया एजेंसियों ने 'इंडियन मुजाहिदीन' की असलियत खोजना शुरू किया। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इन शहरों में जिस ढंग से विस्फोट किए गए और जिस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया, उससे साफ था कि यह काम किसी पेशेवर और शातिर संगठन का है। सिमी उसका मोहरा है और 'इंडियन मुजाहिदीन' कागजी नाम। असली खेल कोई और खेल रहा है। एक वरिष्ठ खुफिया अफसर के मुताबिक सिमी के नेता और कार्यकर्ता धर्म को लेकर काफी कट्टर हैं और बदले की भावना उनमें भरी हुई है, लेकिन तकनीकी रूप से वे इतने सक्षम नहीं कि इस स्तर की विस्फोटक व अन्य सामग्री जुटा सकें। पुलिस की गिरफ्त में चल रहे सिमी के प्रमुख कट्टरवादी नेताओं ने पूछताछ के दौरान जो जानकारियां दी हैं, उनसे भी यही जाहिर होता है कि उनके अंदर कुछ भी करने का जज्बा तो है, लेकिन इतने बड़े पैमाने पर बम बनाना व उन्हें सुनियोजित ढंग से लगाना अकेले उनके बूते की बात नहीं है। फिलहाल खुफिया और जांच एजेंसियां इंडियन मुजाहिदीन और सिमी के असली नियंत्रकों तक पहुंचने की कोशिश में लगी हैं। जांच के दौरान यह बात जरूर सामने आई कि पहले दौर के विस्फोटों का जिम्मा अब्दुल सुभान उर्फ तौकीर पर ही था। दूसरे दौर के विस्फोटों की जिम्मेदारी डी कंपनी को दी गई है। इसी दौर के लिए 12 शहरों की सूची है और तीसरे दौर में 24 शहरों को निशाना बनाया जाना है। उम्मीद की जानी चाहिए कि दूसरा दौर शुरू होने से पहले सुरक्षा एजेंसियां असली सूत्रधारों तक पहुंच जाएंगी। साथ ही 'आतंक' का चेहरा भी उजागर हो पाएगा। साभार: navabharattimes.indiatimes.com

वोट के तराजू पर तुली देश की सुरक्षा

देश की सुरक्षा की जिम्‍मेदारी के सबसे शीर्ष पायदान पर बैठे नीति-नियंताओं के लिए राष्‍ट्रीय सुरक्षा की महत्‍ता अब सत्‍ता की राजनीति से उपर नहीं रह गई है. तभी, केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल को दिल्‍ली धमाके के दौरान कपड़े बदलने का वक्‍त मिल जाता है, तो गुजरात के मुख्‍यमंत्री नरेंद्र मोदी को यह खुलासा करने की सुध आ जाती है कि उन्‍होंने प्रधानमंत्री को धमाके की आशंका से पहले ही आगाह कर दिया था, वहीं प्रधानमंत्री पद के दावेदार बने फिर रहे भाजपा नेता लालकृष्‍ण आडवाणी गृह मंत्री शिवराज पाटिल को हटाने की मांग करने लगते हैं, और अव्‍वल तो यह कि रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव अपनी ही सरकार में आईबी व्‍यवस्‍था को फेल बताने लगते हैं...किसी ने यह नहीं कहा कि देश की सुरक्षा के लिए और क्‍या जरूरी उपाय किया जाए और इसके लिए वे तत्‍काल क्‍या ठोस कदम उठाने जा रहे हैं, जो आतंकियों में खलबली मचा दे और उनके नापाक मंसूबों को पस्‍त कर दे. लेकिन अपने देश में शायद यह तबतक संभव नहीं लगता, जबतक देश की सुरक्षा के शीर्ष पर बैठे राजनेताओं व नौकरशाहों की राष्‍ट्रीय नैतिकता सत्‍तालोलुपता के गंदे दायर से बाहर नहीं हो जाती...इसी सच का खुलासा करती है महानगर टाइम्‍स वेब पोर्टल पर प्रकाशित यह रिपोर्ट.
केंद्रीय गृह मंत्रालय की सुस्त चाल और हर निर्णय को लागू करने के पहले ‘वोट के तराजू’ पर तौलने की पार्टियों की नीति के चलते देश की खुफिया व्यवस्था को समृद्ध करने की एक महती योजना ने अस्तित्व में आने से पहले ही दम तोड़ दिया।
11 सितम्बर 2001 को जब अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर आतंकवादी हमला हुआ था, तो आनन-फानन में भारत सरकार द्वारा बुलायी गयी सुरक्षा मामलों की कैबिनेट ने देश के खुफिया तंत्र को धारदार बनाने के लिए ‘मल्टी एजेंसी टास्क फोर्स’ के गठन का निर्णय लिया था। ‘इंटेलीजेंस ब्यूरो’ के अधीन बनायी जाने वाली इस टास्क फोर्स में रा, मिलट्रिी इंटेलीजेंस और राज्यों की खुफिया इकाईयों के प्रतिनिधित्व की रूपरेखा बनायी गयी थी। सात साल बाद भी केंद्र सरकार की यह योजना अस्तित्व में क्यों नहीं आ पायी, इसका जवाब गृह मंत्रालय के पास नहीं है। शायद यह बात कहने-सुनने की नहीं है कि सरकार बदलती है तो प्राथमिकताएं भी बदल जाती हैं।
लेकिन ‘मल्टी एजेंसी टास्क फोर्स’ के गठन का निर्णय जब राजग के कार्यकाल में लिया गया था, तो उसके बाद इसे अस्तित्व में लाने के लिए राजग के पास ही ढाई साल का वक्त था। उस समयावधि में तो यह अस्तित्व में नहीं ही आया, सरकार बदल गयी तो वैसे भी इसे ठंडे बस्ते में जाना था। यूपीए सरकार ने भी देश और देश की जनता की सुरक्षा के लिए इस महती योजना पर गौर नहीं किया। सरकार की प्राथमिकता में यह नहीं था। जाहिरा तौर पर कैबिनेट का यह फैसला गृह मंत्रालय के किसी कोने में फेंक दिया गया। शायद इस फोर्स का गठन हो गया होता तो हमारी खुफिया व्यवस्था इतनी लाचार नहीं होती।
एक के बाद एक धमाके नहीं होते और न जाने कितने मासूमों की जान यूं ही नहीं चली जाती। वर्ष 1999 में जब करिगल में तकरीबन सौ से अधिक पाक गुरिल्ला घुसपैठियों ने अपने पक्के बंकर बना लिये थे, तब भी हमारी खुफिया एजेंसियों और खासकर मिलट्रिी इंटेलीजेंस को इसकी भनक नहीं लग पायी थी। इस घुसपैठ की प्रथम सूचना बकरवालों (चरवाहों) ने सेना को दी थी। करगिल युद्ध के बाद तत्कालीन राजग सरकार ने उस वक्त देश के खुफिया तंत्र को कारगर बनाने की जरूरत पर बल दिया था। गृह मंत्रालय ने एक ‘इंटेलीजेंस कोआर्डिनेशन ग्रुप’ और एक ‘ज्वाइंट मिलीटरी इटेलीजेंस एजेंसी’ के गठन की योजना बनायी थी। यघपि बाद में ‘ज्वाइंट इंटेलीजेंस कमेटी’ का गठन किया जरूर लेकिन यह भी एक तरह से ‘सफेद हाथी’ ही साबित हुआ। इस कमेटी में केंद्र के सभी खुफिया तंत्र का प्रतिनिधित्व रखा गया है। बेहतर समन्वयन और राजनीतिक इच्छा शक्ति के अभाव में यह कमेटी भी महज खानापूर्ति करने का एक जरिया ही रह गयी है। भारत में जो खुफिया तंत्र का ढांचा है वह बिखरा हुआ है। इसलिए अमरीका की जांच एवं खुफिया एजेंसियों की तर्ज पर यहां भी एक संघीय एजेंसी की जरूरत महसूस की जा रही है। राज्य की खुफिया इकाईयों का केंद्रीय खुफिया तंत्र से कोई वास्ता ही नहीं है। सूचनाओं का आदान-प्रदान तक नहीं होता। साभार: महानगर टाईम्स डॉट नेट

कायरों से डरकर क्‍या हम भी हो गए कायर?


उदय केसरी
शुक्रवार (12 सितंबर) को मैंने आतंकवाद विरोधी अमेरिकी दादागिरी के बहाने भारतीय बचावगिरी या कहें, कमजोरी की बात की थी।...और इस क्रम में भारत में बता-बताकर आतंकियों द्वारा किये जा रहे विस्फोट का जिक्र भी किया था...अब इसे संयोग कहें या दुरसंयोग कि इस आलेख ‘तो भारत क्यों नहीं पीओके में घुसकर मार सकता’ के सीधीबात पर प्रकाशित होने के दूसरे ही दिन आतंकियों ने एक बार फिर बताकर देश की राजधानी पर हमला बोल दिया, जिसमें श्रृंखलाबद्ध पांच बम धमाकों में 24 निर्दोषों की मौत और 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह घटना भी पिछले दिनों जयपुर, बंगलुरू व अहमदाबाद में हुई विस्फोट की घटनाओं जैसी ही है और इसकी जिम्मेदारी लेने वाला आतंकी संगठन भी वही इंडियन मुजाहिद्दीन है। समानताएं केवल घटना की प्रकृति में ही नहीं, इन घटनाओं के बाद देश के राजनीतिकों और नौकरशाहों व सुरक्षा एंजेंसियों की प्रतिक्रियाओं में भी है।...और यही नहीं समानता जनता की प्रतिक्रिया स्वरूप संवेदना में भी है...यानी यदि दो-चार दिनों तक कोई और विस्फोट नहीं हुआ, तो 13 सितंबर को दिल्ली के करोलबाग, गफ्फार मार्केट, कनाट पैलेस व बाराखंभा रोड क्षेत्र में हुए बम विस्फोट और उससे हुई ताबाही को भी हम भूलने लगेंगे और भूलते-भूलते अचानक से फिर एक दिन किसी शहर में श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोट की खबर सुनकर सहम जाएंगे।...
आखिर कब तक?
आखिर हम ऐसे क्यों हो गए हैं?....आखिर हम किसी बीमारी के स्थायी इलाज के बजाए उस पर केवल मरहम-पट्टी से क्यों संतुष्ट हो जाते हैं? क्या हमारी ताकत जाती रही है? या हमारे लिए देश व देश के दुश्‍मनों के बीच कोई तीसरा मसला सबसे अधिक महत्वपूर्ण हो गया है? या फिर कहें कि हम पूरी तरह से संवेदनहीन हो चुके हैं, बस इतनी संवेदना बाकी है कि अपनी चमड़ी पर जब चोट लगती है, तभी सच्चे दर्द का एहसास होता है।
इंडिया टीवी ने तो हद कर दी
पहले, मैं दिल्ली बम विस्फोट के बाद दूसरे दिन-रात तक एक न्यूज चैनल इंडिया टीवी की करतूतों की बात करना चाहूंगा, जो पत्रकारिता के नाम पर आतंक का हॉरर फिल्मी शो पेश करता रहा।...और जिस तरह हॉरर फिल्मों की सफलता तीन घंटे दर्शकों के बीच पैदा होने वाले दहशत भरे रोमांच पर निर्भर करती है। उसी तरह, इंडिया टीवी, आतंकी बम विस्फोट की कहानी को हॉरर फिल्मी शो बनाकर पेश कर रहा था, लेकिन इंडिया टीवी वालों को शायद पत्रकारिता के माध्यम से बनने वाली कहानी और फिल्मी कहानी में कोई अंतर नहीं समझ में आता। यदि आता, तो वह विस्फोट से पूरे देश में बने भय के वातावरण को घटाने के बजाए आतंकी मंसूबे पर ही जुगलबंदी करते हुए अगले धमाके की भविष्यवाणी चींख-चींखकर नहीं करता।...क्या पत्रकारिता है! घर में जब किसी के मरने का मातम मनाया जा रहा है, तब घर का ही एक तथाकथित जिम्मेदार शख्स डुगडुगी लेकर बाहर घर के अगले सदस्य के मरने की तारीख सुना रहा है। आपने भी इंडिया टीवी पर सुनी होगी इस तरह की डरावनी चींखें- 26 अक्टूबर, टारगेट मुंबई, मिशन मुंबई, धमाके के पैटर्न में छुपी है अगली तारीख, तय हो गई आतंक की तारीख, हम जिम्मेदार चैनल वाले हैं, मुंबईवासियों को डराना नहीं चाहते पर विस्फोटों का पैटर्न यही कहता है।...हमारे खुलासे के बाद आतंकियों में मच जाएगी खलबली...आदि-आदि अब जरा उस पैटर्न पर गौर करें जिसमें कहा गया कि-जयपुर, अहमदाबाद फिर दिल्ली में डेढ़-डेढ़ महीने के अंतर में क्रमश: 13 मई, 26 जुलाई, फिर 13 सितंबर को धमाके हुए, इसलिए अब अगली तारीख 26 अक्टूबर होगी। पहली बात, इंडिया टीवी के लोगों का सामान्य गणित भी काफी कमजोर है। इन तीनों तारीखों में अंतर लगभग सवा दो महीने व पौने दो महीने का है। तो फिर किस गणित के आधार पर वे धमाके की अगली 26 अक्टूबर बता रहे हैं...दूसरी बात, बेसिरपैर का यह पैटर्न भिड़ाने के चक्कर में इंडिया टीवी ने बंगलुरू बम विस्फोट (25 जुलाई) को इस क्रम में क्यों नहीं रखा। इसलिए कि, गणित कुछ ज्यादा उलझ जाता। तीसरी बात, इंडियन मुजाहिद्दीन के खास ई-मेल यदि केवल इंडिया टीवी को ही मिलते हैं और वह आतंकियों की तरह ही भय फैलाने के लिए हर हथकंडे अपनाती है, तो क्यों नहीं इस चैनल को प्रतिबंधित कर दिया जाए?
पाक मस्जिदों में कैसे सुन रहे हैं हम नापाक तकरीर
देश की पाक मस्जिदों में इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंक गुरु मुसल्लम ईमान वाले हमारे मुसलमान भाइयों को यह कैसी शिक्षा दे रहे हैं-जी न्यूज पर दिल्ली धमाके के दूसरे दिन ‘द इनसाइड स्टोरी’ कार्यक्रम में आतंक गुरु के तकरीर का ऑडियो सुनाया गया। इसकी कुछ लाइनें- अकबर जाहिल था, उसने इस्लाम को कमजोर किया, औरंगजेब के आने से इस्लाम को फायदा हुआ, अकबर ने इस्लाम को जड़ से उखाड़ने की कोशिश की, आज औरंगजेब का जितना एहसान हिन्दुस्तान पर शायद ही किसी का होगा आदि-आदि. इस ऑडियो में कही गई एक फीसदी बातें भी यदि सही हैं, तो हमारे देश के मुसलमान भाइयों को ऐसे आतंक गुरू से यही कहना चाहिए कि इतिहास तो हमारे बाप-दादे बताते ही रहे हैं, लेकिन तुम पहले इसका जवाब दो कि जयपुर, बंगलुरू, अहमदाबाद के बाद अब रमजान के इस पाक महीने में दिल्ली बम विस्फोट में मारे गए मुस्लिम भारतवासियों का क्या कसूर था? कुरान के किस पन्ने में इस्‍लाम के नाम पर निर्दोषों का खून बहाने की इजाजत दी गई है? इस्लाम यदि पाकिस्तान में मजबूत है, तो अमन, चैन व विकास में भारत से पीछे क्यों है? भारत में क्या कभी सैनिकों ने राजनीतिक सत्ता अपने कब्जे में ली या लेने की कोशिश तक की?.... इन सवालों के सही जवाब ऐसे दहशतगर्द आतंकी गुरु कभी नहीं दे सकते...क्योंकि अमन का सबक उन्होंने कभी पढ़ा ही नहीं। और रही बात नफरत की, तो ऐसे दहशतगर्दों को यह मालूम होना चाहिए कि हिन्दुस्तान में केवल मुसलमान भाई ही नहीं, हिन्दू, सिख, ईसाई, जैन, पारसी, बौद्ध, आर्य, द्रविड़ समुदाय के लोग भी एक साथ रहते हैं, इन सबों के मिलने से ही पूरे हिन्दुस्तान की सही संरचना बनती है। यहां किसी भी जाति धर्म के लोगों को आजादी खैरात में नहीं दी जाती, जन्मजात मिलती है। इसलिए, इस पाक मुल्क में आतंक का जहर घोलने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी। न ही कभी इन दहशतगर्दों से भारतवासी डरेंगे, क्योंकि छिपकर निहत्थे व निर्दोषों पर वार करने वालों को हमारे देश में कायर व कमजोर कहा जाता है। यदि इन कायरों में दम है तो सामने से वार करें, फिर देखना सीना तानने वालों की पहली लाइन में भारत के मुसलमान भाइयों की संख्या किसी से कम नहीं होगी।...बस एक बार जागने की देर है।